Summer express/बिलासपुर, सुभाष- : धारटटोह के बीडीसी सदस्य कुलदीप ठाकुर ने कल्याण गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन और बीडीटीएस प्रबंधन से तत्काल सुधार की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने पशुपालन विभाग के उपनिदेशक से मुलाकात कर गौशाला की स्थिति से अवगत करवाया और उचित कार्रवाई की मांग रखी।कुलदीप ठाकुर के अनुसार कल्याण गौशाला का संचालन बीडीटीएस परिवहन सोसायटी द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संत बाबा कल्याणदास जी, रामदास जी और पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर के प्रयासों से गौशाला को बेहतर स्वरूप दिया गया था। उनका कहना है कि पहले यहां गोवंश की देखभाल और अन्य व्यवस्थाएं बेहतर थीं, लेकिन समय के साथ कई स्तरों पर खामियां सामने आने लगी हैं।
उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन महीनों के दौरान गौशाला में 18 गोवंश की मौत हो चुकी है, जबकि पिछले एक वर्ष में मृत गोवंश की संख्या करीब 100 तक पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि मृत गोवंश के निस्तारण और दफनाने की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण जंगली जानवर और कुत्ते उनके अवशेषों को आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तक ले जाते हैं। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ठाकुर ने कहा कि गौशाला की समस्याओं को लेकर बीडीटीएस प्रबंधन को कई बार अवगत करवाया जा चुका है। कुछ दिन पहले भी शिकायत दी गई थी, लेकिन उनके अनुसार अब तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।उन्होंने जिला प्रशासन और बीडीटीएस प्रबंधन से गौशाला में साफ-सफाई, चारे-पानी, पशुओं की देखभाल और मृत गोवंश के उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वह शिमला जाकर पशुपालन मंत्री से मुलाकात कर मामले को उनके समक्ष उठाएंगे।कुलदीप ठाकुर ने कहा कि गौशाला में गोवंश की सुरक्षा और स्थानीय ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।