summer express,पानीपत। पानीपत में 20 वर्षीय विवाहिता पूनम की मौत के बाद अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस श्मशान घाट पहुंच गई। पुलिस ने चिता पर रखे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। मायका पक्ष ने पूनम को जहर देकर मारने की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
पूनम ने करीब दो साल पहले विश्वास उर्फ विशु से प्रेम विवाह किया था। पति विश्वास के मुताबिक, 16 सितंबर को पूनम ने घर की रसोई में रखा तेजाब गलती से पी लिया था। हालत गंभीर होने पर उसे रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
विश्वास ने बताया कि शादी के बाद दोनों अलग रह रहे थे। उसके अनुसार, घटना के बाद पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे थे और पूनम के बयान भी दर्ज किए गए थे। पति का दावा है कि पूनम ने पुलिस को तेजाब गलती से पीने की बात बताई थी।
बुधवार सुबह परिजन पूनम के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस श्मशान घाट पहुंची और चिता पर रखे शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया।
पूनम के भाई अर्जुन के अनुसार, उनका परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। परिवार कुछ समय तक पानीपत की सांईं कॉलोनी में किराए के मकान में रहा था। इसी दौरान पूनम और विश्वास के बीच प्रेम संबंध बने और करीब दो साल पहले दोनों ने घर से जाकर शादी कर ली थी।
अर्जुन का आरोप है कि शादी के बाद पूनम को ससुराल पक्ष की ओर से परेशान किया जाता था। इसी वजह से परिवार पानीपत छोड़कर मुजफ्फरनगर चला गया था। उसने दावा किया कि पूनम फोन पर कई बार रोते हुए ससुराल में परेशानी होने की बात बताती थी।
मायका पक्ष ने पूनम की मौत को संदिग्ध बताते हुए जहर देकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। अर्जुन ने यह भी बताया कि पूनम के तेजाब पीने की घटना के करीब 10 दिन बाद उनके पिता रमेश ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिवार ने दोनों घटनाओं को लेकर जांच की मांग की है।
चांदनीबाग थाना पुलिस के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर चंद्रपाल ने बताया कि पूनम की मौत रोहतक पीजीआई में हुई थी। मायका पक्ष की ओर से जहर देकर हत्या किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।