summer express , चंडीगढ़। हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में दवाओं और जांच सुविधाओं की उपलब्धता बेहतर करने के लिए सरकार ने कई अहम फैसले लिए हैं। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की अध्यक्षता में हुई विशेष उच्च अधिकार प्राप्त खरीद समिति (SHPPC) की बैठक में दवाओं, सर्जिकल उपकरणों, जांच सुविधाओं और अस्पतालों के बुनियादी ढांचे से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में करीब 132 करोड़ रुपये की एलोपैथिक दवाओं और सर्जिकल उपकरणों की खरीद को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा करीब 80 करोड़ रुपये की आयुष दवाओं की आपूर्ति की जाएगी। सरकार के अनुसार, इससे नागरिक अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष चिकित्सा केंद्रों में आवश्यक दवाओं और स्वास्थ्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
रक्तदान अभियानों को बढ़ावा देने के लिए 4.18 करोड़ रुपये की लागत से नौ ब्लड डोनेशन वैन के लिए दो साल का रेट कॉन्ट्रैक्ट मंजूर किया गया है। इन मोबाइल वैन के जरिए दूरदराज के क्षेत्रों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा सकेंगे। वहीं, करनाल के सिविल अस्पताल में पीपीपी मॉडल के तहत मरीजों को सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
टीबी की जल्द और सटीक जांच के लिए 6.72 करोड़ रुपये की लागत से एक लाख माइक्रो पीसीआर टीबी टेस्ट किट यानी ट्रूनेट चिप्स खरीदने को भी मंजूरी दी गई है। जिला अस्पतालों में स्थापित पीएसए ऑक्सीजन प्लांट्स के संचालन और रखरखाव के लिए 8.55 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।
आंखों और ईएनटी उपचार की सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए 12.22 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से छह ऑप्टिकल बायोमीटर, 13 ईएनटी ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप और छह एडवांस्ड फेको इमल्सीफिकेशन मशीनें खरीदी जाएंगी। इससे मोतियाबिंद समेत आंखों और कान-नाक-गले से संबंधित उपचार सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
अस्पतालों में बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था मजबूत करने के लिए 86.23 लाख रुपये की लागत से 50 केवीए क्षमता वाले नौ डीजल जनरेटर सेट लगाए जाएंगे। वहीं, ड्रग वेयरहाउस में दवाओं और टीकों के सुरक्षित भंडारण के लिए 1.94 करोड़ रुपये की लागत से 274 स्टार्टर्स और एक्सटेंशन रैक खरीदे जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इन फैसलों का उद्देश्य प्रदेश में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना और मरीजों को आवश्यक दवाएं, जांच तथा उपचार की सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना है।