{गोइंदवाल साहिब में राज्य स्तरीय समारोह, सामान्य वर्ग को 3,000 और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 4,500 रुपये मिलेंगे
समर न्यूज | गोइंदवाल साहिब
पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत करीब 37 लाख महिलाओं के बैंक खातों में अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर की तीन महीने की सम्मान राशि जारी कर दी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने तरनतारन के खडूर साहिब स्थित गोइंदवाल साहिब में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में योजना की दूसरी किस्त जारी की।
सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं को तीन महीने के लिए 3,000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 4,500 रुपये मिलेंगे। राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि गोइंदवाल साहिब की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता को देखते हुए कार्यक्रम के लिए इस स्थान का चयन किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों से टैक्स के रूप में मिलने वाले पैसे को विभिन्न कल्याणकारी और विकास योजनाओं के माध्यम से वापस जनता तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने युवाओं को रोजगार, मुफ्त बिजली और किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने जैसी पहलों का भी उल्लेख किया। विपक्ष पर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि कांग्रेस व भाजपा के पास उनके अलावा कोई अन्य मुद्दा नहीं है।
{18 साल से अधिक उम्र की महिलाएं पात्र: योजना के तहत पंजाब की 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र की पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है। एक परिवार में एक से अधिक पात्र महिलाएं होने पर सभी को लाभ मिलता है। भुगतान प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए बैंक खातों में किया जाता है। योजना की पहली किस्त जुलाई में जारी हुई थी, जिसमें तीन महीने की राशि एक साथ दी गई थी। उस समय सामान्य वर्ग की महिलाओं को 3,000 और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 4,500 रुपये मिले थे।