Summer express/कुल्लू-:बजौरा में एक सुनार की दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे एक शातिर ने करीब 40 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी किए गए सोने की कीमत करीब साढ़े पांच लाख रुपये बताई जा रही है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।घटना के समय दुकान में स्वर्णकार की पत्नी मौजूद थी। इसी दौरान कैप पहने एक व्यक्ति दुकान में पहुंचा और सोने के आभूषण खरीदने की बात कही। महिला ने उसे कई आभूषण दिखाए। बातचीत के दौरान आरोपी ने मौका पाकर कुछ आभूषण उठाए और उन्हें रुमाल में छिपाकर अपनी जेब में रख लिया।
आरोपी ने खुद को ग्राहक बताते हुए खरीदारी को लेकर दुकानदार की पत्नी से बातचीत जारी रखी। उसने दुकानदार से फोन पर भी बात की और आभूषणों की कीमत में छूट देने की बात कही। बातचीत के दौरान उसने अगले दिन दोबारा दुकान पर आने की बात कही और वहां से चला गया।बाद में जब आभूषणों की जांच की गई तो करीब 40 ग्राम सोना गायब मिला। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपी की हरकतें स्पष्ट रूप से दिखाई दीं।दुकानदार ने घटना की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करते हुए अन्य स्वर्णकारों और ज्वेलरी कारोबारियों को सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि फुटेज में दिख रहे हुलिए का कोई व्यक्ति सोने के आभूषण खरीदने या बेचने के लिए दुकान पर आता है तो इसकी सूचना पुलिस को दी जाए।मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।