Summer express/कांगड़ा,राहुल-:कांगड़ा के परौर में राधा स्वामी सत्संग को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सत्संग में शामिल होने के लिए परौर पहुंच रहे हैं। करीब दो लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कांगड़ा पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए करीब 150 पुलिस जवानों को तैनात किया गया है, जबकि तीन डीएसपी स्तर के अधिकारी भी मौके पर निगरानी कर रहे हैं। भीड़ और वाहनों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है।
परौर में राधा स्वामी सत्संग को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी हुई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने निजी वाहनों के अलावा अन्य साधनों से सत्संग स्थल तक पहुंच रहे हैं। इसके चलते परौर और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों का दबाव बढ़ गया है।श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए कांगड़ा पुलिस ने पहले से ही विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। परौर क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम करने के लिए कांगड़ा से पालमपुर की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को मालन और नगरी होते हुए डायवर्ट किया जा रहा है। वहीं पालमपुर से पठानकोट की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है।पुलिस की कोशिश है कि सत्संग स्थल के आसपास वाहनों की अधिक संख्या के बावजूद मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति न बने। श्रद्धालुओं के वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करवाने के लिए सड़क किनारे और निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस जवान अलग-अलग प्वाइंट पर तैनात हैं और वाहनों की आवाजाही के साथ-साथ पार्किंग व्यवस्था पर भी नजर रख रहे हैं।
ट्रैफिक मैनेजमेंट में पुलिस के साथ राधा स्वामी सत्संग के स्वयंसेवक भी सहयोग कर रहे हैं। स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को मार्ग और पार्किंग से संबंधित जानकारी दे रहे हैं, जिससे वाहनों और पैदल श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखा जा सके।वहीं स्थिति पर लगातार नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। किसी मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने या जाम की स्थिति बनने पर मौके के हिसाब से ट्रैफिक को डायवर्ट किया जा रहा है। प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों के अलावा पार्किंग स्थलों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए तीन डीएसपी स्तर के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता है कि सत्संग में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और स्थानीय लोगों की आवाजाही भी प्रभावित न हो।
कांगड़ा के एसपी कुलभूषण वर्मा के मुताबिक राधा स्वामी सत्संग का कार्यक्रम कल समाप्त होगा। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में फोरलेन बाईपास को वैकल्पिक मार्ग के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक को दूसरे मार्ग पर शिफ्ट किया जा सकेगा।पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पुलिस और सत्संग के स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करें और अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। फिलहाल परौर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पुलिस और प्रशासन ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।