शिमला -:हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 5 अक्टूबर से बारिश का दौर शुरू होने का अनुमान जताया है। अगले पांच दिनों के दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना भी बनी हुई है।
मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार 4 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश निचले, मध्य और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम सामान्य रूप से साफ रहने की संभावना है। हालांकि, सोमवार 5 अक्टूबर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दिन निचले और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।इसके बाद 6 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। निचले और मध्य पहाड़ी इलाकों में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, 7 अक्टूबर को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों और निचले इलाकों में कुछ जगह बारिश हो सकती है।8 अक्टूबर को भी मौसम पूरी तरह साफ होने के आसार नहीं हैं। निचले क्षेत्रों में कई स्थानों पर, जबकि मध्य पहाड़ी इलाकों में कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 9 अक्टूबर तक भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना को देखते हुए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिल सकता है। ऐसे में अगले पांच दिन हिमाचल के मौसम के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।