Summer express/ऊना, विकास -:जिला ऊना में एक संदिग्ध कार से फायरिंग किए जाने की खबर फैलने के बाद कुछ समय के लिए लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर तेजी से फैल रही इस सूचना को पुलिस ने जांच के बाद गलत बताया है। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने स्पष्ट किया कि जिले में गोलीबारी की कोई घटना नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं शांतिपूर्ण है।पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम को एक संदिग्ध वाहन के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना में वाहन में हथियार होने की आशंका जताई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सभी संबंधित अधिकारियों और टीमों को अलर्ट किया। इसके बाद जिले के विभिन्न हिस्सों में नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की गई।
पुलिस की मुस्तैदी के चलते संदिग्ध कार को टीटीआर ऊना के समीप रोक लिया गया। वाहन को कब्जे में लेने के बाद पुलिस टीम ने उसकी गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के अंदर से एक खिलौना पिस्तौल बरामद हुई। इसके बाद फायरिंग से संबंधित चल रही चर्चाओं पर स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो गई।पुलिस ने वाहन में सवार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि खिलौना पिस्तौल वाहन में क्यों रखी गई थी और इसके संबंध में किसी तरह की अन्य गतिविधि तो नहीं हुई।
एसपी ऊना ने लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि किसी भी सूचना पर भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने से अनावश्यक भय और भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।