summer express ,गुरुग्राम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को देशभर में सेवा ज्योति यात्रा आयोजित की जाएगी। इस अभियान के तहत गुरुग्राम में राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम होगा, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
गुरुग्राम में कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और संगठन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले के विभिन्न गांवों और ग्रामीण क्षेत्रों से सेवा ज्योति यात्राएं निकाली जाएंगी। ये यात्राएं शहर में पहुंचने के बाद सेक्टर-29 स्थित हुडा जिमखाना क्लब मैदान में एकत्र होंगी। यहां अमित शाह यात्राओं का स्वागत करेंगे।
इसके बाद हुडा जिमखाना क्लब मैदान से लेजर वैली मैदान तक सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक भी शामिल होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।
जिला प्रशासन की ओर से यात्रा के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पार्किंग समेत अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इससे पहले सितंबर में हुई तैयारियों की बैठकों में ग्रामीण क्षेत्रों से जिला मुख्यालय तक यात्रा निकालने, रूट तय करने और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया था।
सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसके तहत सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सेवा ज्योति यात्रा भी इसी अभियान का प्रमुख हिस्सा है।
अभियान के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न सेवा गतिविधियों का संदेश लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वच्छता अभियान, जरूरतमंदों की सहायता और शिक्षा से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
गुरुग्राम में होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों का प्रयास है कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और यात्रा निर्धारित मार्ग से सुचारू रूप से संपन्न हो।