summer express ,गुरदासपुर । गुरदासपुर शहर में बुजुर्ग महिला से झपटमारी के मामले में सिटी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
मोहल्ला शहजादा नंगल निवासी कमला रानी पत्नी अजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी पोती के साथ हनुमान चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक से पैसे निकलवाकर पैदल पुलिस लाइन रोड से सैनी गेस्ट हाउस वाली गली की ओर जा रही थी। दोपहर करीब 2 बजे पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो युवकों ने उसके हाथ में पकड़ा लिफाफा झपट लिया और मौके से फरार हो गए। लिफाफे में 10 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन था।
शिकायत के आधार पर सिटी गुरदासपुर पुलिस ने राघव कुमार पुत्र शाम लाल और शुभम कुमार उर्फ राम पुत्र चिमन लाल, दोनों निवासी इस्लामाबाद मोहल्ला, गुरदासपुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की जांच कर रहे एएसआई जय सिंह ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर झपटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।