summer express ,लॉस एंजिल्स। अमेरिका के लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट (LAX) पर टैक्सी करते समय डेल्टा एयर लाइंस और एयर कनाडा के विमान आपस में टकरा गए। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। टक्कर के बाद दोनों विमानों को सेवा से हटा दिया गया है।
एयर कनाडा के अनुसार, उसका विमान टोरंटो से लॉस एंजिल्स पहुंचा था और इसी दौरान उड़ान भरने की तैयारी कर रहे डेल्टा एयर लाइंस के विमान से उसकी टक्कर हो गई। डेल्टा का विमान जापान के टोक्यो स्थित हानेडा एयरपोर्ट के लिए रवाना होने वाला था।
टक्कर इतनी तेज थी कि डेल्टा विमान के विंग का मुड़ा हुआ हिस्सा, जिसे विंगलेट कहा जाता है, टूटकर एयर कनाडा विमान के स्टेबलाइजर में फंस गया। डेल्टा विमान में सवार एक यात्री के मुताबिक, विमान गेट से हटकर रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी उन्हें लगा कि एयर कनाडा का विमान उसके रास्ते में आ रहा है।
डेल्टा के प्रवक्ता ने बताया कि लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट पर टैक्सी करते समय विमान एयर कनाडा के विमान से टकरा गया। कंपनी ने यात्रियों को हुई असुविधा और यात्रा में देरी के लिए खेद जताया है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, घटना के बावजूद LAX पर अन्य उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा।
डेल्टा के मुताबिक, उसके विमान में 275 यात्री और 15 क्रू सदस्य सवार थे। वहीं, हादसे के समय एयर कनाडा के विमान में कितने लोग मौजूद थे, इसकी तत्काल जानकारी सामने नहीं आई। घटना की सूचना फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) को दे दी गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।