Summer express, अंबाला, अंकुर कपूर। दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन और आगामी त्योहारों के मद्देनजर अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेलवे स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की टीमों ने संयुक्त रूप से सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन के विभिन्न हिस्सों की जांच की गई और यात्रियों के सामान के साथ पार्सल रूम को भी खंगाला गया।
सुरक्षा अभियान के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। टीमों ने प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर और आने-जाने वाले यात्रियों पर नजर रखी। डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की मदद से संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
जीआरपी इंस्पेक्टर हरीश कुमार ने बताया कि दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन और त्योहारों को देखते हुए जीआरपी सहित सभी संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क किया गया है। रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही हैं कि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु स्टेशन पर सुरक्षा के लिए खतरा न बने।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्टेशन परिसर और पार्सल रूम की जांच की गई। सुरक्षा एजेंसियां आपसी समन्वय से काम कर रही हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का पता चलने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा कर्मियों को दें।