Summer express, धर्मशाला, राहुल चावला। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में वीकेंड के दौरान धर्मशाला, मैक्लोडगंज और बीड़ में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ रही है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। वहीं, त्रिउंड ट्रैक पर जाने वाले पर्यटकों के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है। प्रशासन ने पर्यटकों से बिना पंजीकरण ट्रैकिंग पर न जाने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि वीकेंड के दौरान प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो और किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके, इसके लिए पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए जाते हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की तैनाती भी की जाती है।
उन्होंने बताया कि त्रिउंड ट्रैक पर जाने वाले पर्यटकों के लिए भागसू से रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है। इसमें वन विभाग भी सहयोग कर रहा है। ट्रैक पर वन रक्षकों और वन मित्रों की तैनाती की जाती है, ताकि पर्यटकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए जा सकें और उनकी सुरक्षा पर नजर रखी जा सके।
एसपी के अनुसार, त्रिउंड ट्रैकिंग पर जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पंजीकरण किया जाता है और निर्धारित शुल्क लिया जाता है। पर्यटकों को उचित गाइड के साथ ट्रैकिंग पर भेजने की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा, रास्ते में विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा और सावधानियों से संबंधित सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। स्थानीय दुकानदार और गाइड भी पर्यटकों को ट्रैकिंग के दौरान जरूरी सावधानियों के बारे में जागरूक करते हैं।
एसपी कुलभूषण वर्मा ने बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों से अपील की कि वे त्रिउंड ट्रैक पर जाने से पहले अपना रजिस्ट्रेशन जरूर करवाएं और पंजीकरण के दौरान सही जानकारी दर्ज करें। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन होने से पर्यटकों का रिकॉर्ड उपलब्ध रहता है, जिससे किसी अप्रिय घटना की स्थिति में संबंधित व्यक्ति की जानकारी जुटाने और आवश्यक कार्रवाई करने में प्रशासन को मदद मिल सकती है।
उन्होंने पर्यटकों से पुलिस और वन विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, गाइड के साथ ट्रैकिंग करने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।