Summer express , लुधियाना,(दलजीत विक्की) पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की मानसा में हुई हत्या पर भारतीय जनता पार्टी के जिला मुख्य प्रवक्ता मनोज कुमार झा ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इस वारदात को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक बताते हुए पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
मनोज कुमार झा ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले व्यक्ति की हत्या की खबर ने मन को व्यथित कर दिया है। पंजाब में नशे जैसी गंभीर सामाजिक समस्या के विरुद्ध आवाज उठाने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। यदि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोग ही सुरक्षित नहीं हैं, तो यह राज्य की कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस हत्याकांड में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई होना जरूरी है, जिससे समाज में कानून के प्रति विश्वास कायम रहे और अपराधियों को कड़ा संदेश जाए।
मनोज कुमार झा ने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाना और राज्य के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकार और प्रशासन को नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ-साथ नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए भी ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों को कानून के कटघरे में खड़ा करेगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा।