summer express,सुन्दर कुंडू, पलवल। पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में मंगलवार को खेल महाकुंभ 2026-27 के तहत लड़कियों की सीनियर श्रेणी के 30 खेलों के लिए जिला स्तरीय ट्रायल आयोजित किए गए। ट्रायल में जिले की खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा व कौशल का प्रदर्शन किया। इन ट्रायल का उद्देश्य राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन करना है।
जिला खेल अधिकारी खुशवंत सिंह ने बताया कि हरियाणा खेल विभाग की ओर से राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ 2026-27 में लड़कों और लड़कियों की सीनियर श्रेणी के 30 खेलों का आयोजन किया जाना है। इसी के तहत पलवल जिले में सोमवार और मंगलवार को निर्धारित स्थानों पर जिला स्तरीय ट्रायल आयोजित किए गए। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की प्रतिभा, प्रदर्शन और खेल कौशल का आकलन किया गया, ताकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए योग्य खिलाड़ियों का चयन किया जा सके।
खुशवंत सिंह ने कहा कि चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर पर पलवल जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। खेल महाकुंभ खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने और बड़े स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम के मामा हुकमचंद ने कहा कि खेल विभाग का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना, उनकी प्रतिभा को निखारना और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ जैसे आयोजन युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच भी उपलब्ध कराते हैं।
कुश्ती खिलाड़ी रोशनी ने कहा कि सरकार की ओर से खेलों को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। खेल महाकुंभ के माध्यम से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पलवल के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे। रोशनी ने यह भी कहा कि खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम के प्रयासों से पलवल में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।