Summer express/बिलासपुर, सुभाष-: बिलासपुर जिले के क्रिकेट प्रेमियों के लिए लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर रणजी ट्रॉफी मुकाबले का रोमांच देखने का अवसर मिलने जा रहा है। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) की ओर से लुहणू क्रिकेट ग्राउंड में 18 से 21 अक्टूबर, 2026 तक हिमाचल प्रदेश और मुंबई की टीमों के बीच चार दिवसीय मुकाबला आयोजित किया जाएगा। वर्ष 2001 के बाद करीब 25 साल के अंतराल पर जिले में इस प्रतिष्ठित घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। मैच के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
लुहणू क्रिकेट ग्राउंड में 18 से 21 अक्टूबर तक होगा मैच
मैच की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने लुहणू क्रिकेट ग्राउंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मैदान में खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा आयोजन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और आयोजकों से व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा करते हुए मुकाबले के सफल आयोजन के महत्व पर भी जोर दिया।उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि लगभग ढाई दशक बाद बिलासपुर में रणजी ट्रॉफी मुकाबले का आयोजन जिले के लिए गर्व और खुशी का विषय है। इस तरह के प्रतिष्ठित खेल आयोजनों से बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। साथ ही, स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों को देश की प्रमुख घरेलू क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों को करीब से खेलते देखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने हिमाचल प्रदेश और मुंबई की टीमों का स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।उन्होंने जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के क्रिकेट प्रेमियों, युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में लुहणू क्रिकेट ग्राउंड पहुंचकर मुकाबले का आनंद लें और दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें। उन्होंने कहा कि अनुभवी खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखना स्थानीय प्रतिभाओं के लिए सीखने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। इससे युवा क्रिकेटरों को खेल की तकनीक, अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना को समझने की प्रेरणा मिलेगी।
इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश भी दिया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि ‘से नो टू ड्रग्स’ के संदेश के साथ युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचने तथा खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ उनके शारीरिक और मानसिक विकास में भी अहम योगदान देते हैं।हिमाचल प्रदेश और मुंबई के बीच होने वाला यह मुकाबला दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगा। मुंबई भारतीय घरेलू क्रिकेट की सबसे प्रतिष्ठित टीमों में शामिल है। सरफराज खान और तुषार देशपांडे जैसे चर्चित खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखना स्थानीय दर्शकों के लिए विशेष अनुभव होगा। इस मुकाबले से जिले के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को उच्च स्तर के खेल को समझने और अपनी प्रतिभा निखारने की प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।
उपायुक्त ने कहा कि रणजी ट्रॉफी जैसे बड़े आयोजन से जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे बिलासपुर की खेल सुविधाओं और पर्यटन क्षमता को व्यापक पहचान दिलाने में मदद मिलेगी। उन्होंने लोगों से चारों दिन मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश और मुंबई के बीच यह मुकाबला 18 से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव विशाल जगोता सहित एचपीसीए के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।