Summer express/किन्नौर: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में नेशनल हाईवे-505 पर सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मिलिंग के समीप लिटीधार में सेना के दो ट्रकों और एक सिविल ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में सेना के चार जवान घायल हो गए, जबकि तीनों वाहन सड़क पर पलटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। सेना के दोनों ट्रक सीमा क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लिटीधार के पास उनकी एक सिविल ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गए। हादसे में सेना के चार जवानों को चोटें आईं।
घायलों को चांगो अस्पताल पहुंचाया
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान घायल जवानों को उपचार के लिए चांगो के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चारों जवानों का उपचार किया गया। वहीं, सिविल ट्रक का चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।प्रशासन और पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। हादसे के कारण सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहनों के चलते आवाजाही भी प्रभावित होने की आशंका रही।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पूह थाना पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तीनों वाहनों के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।