Summer express/लाहौल-स्पीति: हिमाचल प्रदेश के लाहौल घाटी में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। उदयपुर-तिंदी मार्ग पर मोड़ा बीर मंदिर के समीप बरातियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर चिनाब नदी के किनारे जा गिरी। इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में तीन भाई शामिल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सोमवार दोपहर करीब 3:45 बजे हुई। कार (एचआर-03पी-3251) में कुल सात लोग सवार थे। सभी लोग तिंदी में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सलग्रां से बरात दुल्हन को लेने के लिए तिंदी पहुंची थी।इसी दौरान उदयपुर-तिंदी मार्ग पर मोड़ा बीर मंदिर के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे उतरकर चिनाब नदी के किनारे जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।दुर्घटना में घायल हुए तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। शादी समारोह में शामिल होने निकले लोगों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे से परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है। एक ही परिवार के तीन भाइयों की मौत की खबर ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।