एजेंसी | अमृतसर
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग के मामले की जांच अब पंजाब के अमृतसर तक पहुंच गई है। जांच एजेंसियां उस व्यक्ति की तलाश कर रही हैं, जिसने कथित तौर पर हमले में इस्तेमाल की गई पिस्टल और 20 कारतूस उपलब्ध कराए थे। शुरुआती जांच के अनुसार, हथियार अमृतसर के एक व्यक्ति से हासिल किए गए थे।
आशंका है कि हथियारों की आपूर्ति का संबंध सीमा पार सक्रिय तस्करी नेटवर्क से हो सकता है। दिल्ली पुलिस की विशेष इकाई ने मामले में 20 अक्टूबर को चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें हरियाणा के सोनीपत निवासी कुणाल (21) और सुमित (19), जबकि उत्तर प्रदेश निवासी राधा (23) और बबीता (23) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं पर हथियार मुंबई पहुंचाने का आरोप है। महाराष्ट्र पुलिस की अपराध जांच इकाई ने आरोपियों की हिरासत लेकर पूछताछ करने की अनुमति मांगी थी।
अदालत से मंजूरी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। आगे की जांच के लिए आरोपियों को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड भी मिली है। जांच के अनुसार अनिल पंडित के निर्देश पर कुणाल अमृतसर से पिस्टल और 20 कारतूस लेकर आया था। आरोप है कि उसने राधा और बबीता को हथियार मुंबई पहुंचाने के लिए तैयार किया। दोनों महिलाएं 15 अक्टूबर को दिल्ली से रवाना हुईं और 17 अक्टूबर को मुंबई पहुंचीं। पुलिस को संदेह है कि वहां एक नाबालिग के माध्यम से हथियार आगे पहुंचाए गए। एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है।