Summer express/हमीरपुर, अरविंद-: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर का 17वां दीक्षांत समारोह 23 अक्टूबर को संस्थान के ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। समारोह में 1,265 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें टेस्ला कंपनी से 3.40 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड प्लेसमेंट पैकेज हासिल करने वाले विद्यार्थी भी शामिल हैं।संस्थान के निदेशक डॉ. एचएम सूर्यवंशी ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार अश्वल होंगे। शैक्षणिक वर्ष 2025-26 में संस्थान की कुल प्लेसमेंट दर 94.37 प्रतिशत रही है, जबकि औसत पैकेज 12 लाख रुपये दर्ज किया गया। इस दौरान टेस्ला से 3.40 करोड़ और लिंक्डइन से एक करोड़ रुपये का पैकेज प्रमुख उपलब्धियां रहीं।
संस्थान की कुलसचिव अर्चना संतोष नानोटी ने बताया कि समारोह में 859 स्नातक, 380 स्नातकोत्तर, एक डिप्लोमा और 26 पीएचडी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। विद्यार्थियों को समारोह के लिए रिहर्सल करवा दी गई है। सभी विद्यार्थी हिमाचली परिधान पहनकर डिग्रियां प्राप्त करेंगे।डीन अकादमिक प्रो. दत्ता ने बताया कि संस्थान में अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 10.56 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 15 प्रायोजित अनुसंधान प्रोजेक्ट मंजूर हुए हैं। इससे संस्थान में चालू परियोजनाओं की संख्या बढ़कर 37 हो गई है।उन्होंने कहा कि एनआईटी हमीरपुर राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 और विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप अकादमिक सुधार लागू कर रहा है। इसके साथ ही विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए नए हॉस्टल और आधुनिक परिसर विकसित करने का कार्य भी तेजी से जारी है। समारोह में संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों और विद्यार्थियों की सफलता को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।