Summer express/चिंतपूर्णी, विकास-:हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नवरात्र मेले के समापन के बाद छुट्टी के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन करने पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। देखते ही देखते श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी बढ़ गई कि डबल लाइन माधो टिल्ला तक पहुंच गई।माता रानी के दर्शन और पावन पिंडी के समक्ष शीश नवाने के लिए श्रद्धालुओं को करीब दो से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। तेज धूप और उमस के बावजूद भक्तों की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी। श्रद्धालु लगातार माता के जयकारे लगाते हुए अपनी बारी का इंतजार करते रहे। पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में नजर आया।
रविवार को अचानक बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या के कारण मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर काफी भीड़ देखने को मिली। भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षाकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही के कारण परेशानी भी सामने आई। इस दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखना भी प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण रहा।वहीं, श्रद्धालुओं की भारी आमद से स्थानीय कारोबारियों के चेहरों पर रौनक लौट आई। मंदिर मार्ग पर स्थित दुकानों, होटलों और रेहड़ी-फड़ी संचालकों के कारोबार में तेजी देखने को मिली। नवरात्र मेले के बाद भी श्रद्धालुओं की इतनी बड़ी संख्या में आमद से व्यापारियों में उत्साह है।मंदिर प्रशासन के अनुमान के अनुसार, रविवार देर शाम तक 30 हजार से अधिक श्रद्धालु माता चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके होंगे। श्रद्धालुओं की इस भीड़ ने एक बार फिर शक्तिपीठ में लोगों की अटूट आस्था को दर्शाया।