Summer express, अंबाला। अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर दोपहर सुल्तानपुर बैरियर के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। पुराने पासपोर्ट कार्यालय के सामने एक ओवरलोड 12 टायर ट्राले ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हाईवे पर खड़े और गुजर रहे वाहनों में एक के बाद एक भिड़ंत होती चली गई। इस हादसे में ट्राले, ट्रक, कंटेनर, स्विफ्ट, टियागो, क्रेटा और थार समेत करीब आठ से नौ वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई गाड़ियों के अगले और पिछले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि ट्राला चालक केबिन में ही फंस गया।
हादसा दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, दिल्ली की तरफ से चंडीगढ़ जा रहा 12 टायर ट्राला सुल्तानपुर बैरियर के पास पहुंचा तो चौक के नजदीक एक ट्रक खड़ा हुआ था। ट्राले ने पीछे से ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रक आगे खड़ी कार से जा भिड़ा। इसके बाद आसपास और पीछे चल रहे वाहन भी एक-दूसरे से टकराते चले गए। अचानक हुई इस दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों को विस्फोट होने जैसा आभास हुआ।
आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। ट्राला चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया था। पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चालक की हालत गंभीर बताई गई है। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गांव लखनौती निवासी रसीद के रूप में हुई है।
हादसे में घायल हुए अजय शर्मा ने आरोप लगाया कि ट्राला चालक नशे की हालत में था और इसी वजह से वह समय रहते वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। वहीं, मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोगों ने ट्राले के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। क्षतिग्रस्त गाड़ियों को सड़क से हटाने और ट्राला चालक को बाहर निकालने के दौरान यातायात प्रभावित रहा। करीब एक घंटे तक हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। दुर्घटना में अजय शर्मा, मंजीत सिंह, विजय सिंह, विकास और राहुल मेहता के वाहनों को ज्यादा नुकसान पहुंचा। इन लोगों को भी मामूली चोटें आईं। हालांकि, इतने बड़े हादसे के बावजूद किसी की जान नहीं गई।
हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार के मालिक अजय शर्मा ने बताया कि वह पानीपत से चंडीगढ़ स्थित अपने घर लौट रहे थे। हाईवे पर जाम लगा होने के कारण वह कार में बैठकर अपनी पत्नी से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पीछे से जोरदार टक्कर हुई। हादसे में उनकी पीठ पर चोट आई, जबकि उनकी पत्नी बाल-बाल बच गईं। अजय के अनुसार, उन्होंने अपनी कार को तैयार कराने पर करीब चार लाख रुपये अतिरिक्त खर्च किए थे, लेकिन दुर्घटना में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
उन्होंने बताया कि ट्राले की टक्कर के बाद करीब आठ से नौ वाहन इसकी चपेट में आ गए। हादसे के दौरान एक फौजी और उसका बेटा भी सुरक्षित बच गए। अजय ने यह भी बताया कि मौके पर कुछ लोग घायलों की मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में जुटे रहे, जबकि कई स्थानीय लोगों ने आगे आकर वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की।