Summer express, कैथल (बलिंदर कुमार)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर कैथल पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। दीपावली, धनतेरस, गोवर्धन पूजा, भैयादूज, छठ पूजा और विश्वकर्मा दिवस को देखते हुए बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मुख्य बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इसी अभियान के तहत थाना सिविल लाइन की एसएचओ इंस्पेक्टर गीता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कैथल बस अड्डे और छोटे रेलवे स्टेशन पर जांच अभियान चलाया। वहीं, थाना शहर के एसएचओ इंस्पेक्टर सतपाल सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन, शहर के प्रमुख बाजारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर जांच की। इस दौरान स्निफर डॉग की मदद से सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों की पड़ताल की गई। पुलिस ने आने-जाने वाले लोगों पर भी नजर रखी और सुरक्षा के लिहाज से सतर्कता बरती।
पुलिस की ओर से बाजारों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है।
थाना सिविल लाइन की एसएचओ इंस्पेक्टर गीता ने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार कैथल पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है। त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिस के सभी राइडर और ईआरवी वाहन लगातार गश्त कर रहे हैं। पुलिस टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न दें और यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस का सहयोग करें।