Summer express/बिलासपुर, सुभाष-: राज्य स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता में ठाकुर रामलाल गर्ल्स स्कूल ऑफ एजुकेशन जुब्बल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर स्कूल का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में स्कूल की तीन बैडमिंटन खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन खेल के दम पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई। इसके साथ ही स्कूल ने पहली बार राज्य स्तरीय चेस प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर विजेता बनने का गौरव भी हासिल किया।
सोमवार को बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसमें स्कूल की ओर से ओजस्विन, उपासना, सानवी और नेहल ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया। बैडमिंटन में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओजस्विन, उपासना और सानवी ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। अब ये तीनों खिलाड़ी मध्य प्रदेश में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन और कोच ने खुशी जाहिर करते हुए चयनित छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।वहीं, स्कूल के लिए इस बार चेस प्रतियोगिता में मिली सफलता भी खास रही। स्कूल ने पहली बार राज्य स्तरीय चेस प्रतियोगिता में भाग लिया और विजेता बनकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस उपलब्धि से स्कूल में खुशी का माहौल है।इस अवसर पर स्कूल प्रभारी बलवंत, वॉलीबाल कोच जितेंद्र, चेस कोच जगदीश, टीम मैनेजर रजनी शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।