Summer express, तावड़ू (नूंह)। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर बुधवार दोपहर खोड़ बसई सीमा क्षेत्र के पास एक बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी की ढलान पर केमिकल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर के सड़क पर गिरते ही उसमें भरा केमिकल फैल गया और कुछ ही देर में आग लग गई। सड़क पर फैले ज्वलनशील केमिकल में आग भड़कने से एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच से छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन एक्सप्रेसवे पर दोनों ओर से यातायात रोक दिया। इसके चलते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं और करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर स्थिति संभालने में जुटी रहीं।
पुलिस के अनुसार, हादसा थाना रोजका मेव क्षेत्र में खोड़ बसई के पास बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। केमिकल से भरा टैंकर मानेसर से पलवल की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि पहाड़ी की ढलान पर पहुंचने के बाद चालक ने टैंकर को न्यूट्रल कर दिया। ढलान के कारण वाहन की रफ्तार बढ़ गई और चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख पाया। इसी दौरान टैंकर डिवाइडर से टकराया और कुछ दूरी तक घिसटने के बाद पलट गया।
टैंकर पलटने के बाद उसमें भरा केमिकल सड़क पर फैल गया। इसके बाद केमिकल में आग लग गई और आग की लपटें काफी देर तक उठती रहीं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सुरक्षा कारणों से पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी, ताकि किसी अन्य वाहन या व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे।
पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। आग पर काबू पाने और स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे की ढलान पर वाहन को न्यूट्रल करना बेहद खतरनाक है। इससे वाहन की गति अनियंत्रित हो सकती है और गंभीर हादसा होने का खतरा रहता है।
पुलिस प्रवक्ता ने वाहन चालकों से अपील की कि वे सड़क पर फैले केमिकल और आग वाले क्षेत्र से दूर रहें तथा मौके पर पहुंचने वाली राहत एवं बचाव टीमों को अपना काम करने दें। जरूरत के अनुसार यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जा रहा है। पुलिस ने चालकों को सलाह दी है कि केएमपी एक्सप्रेसवे पर ढलान से उतरते समय वाहन को न्यूट्रल न करें और निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।