Summer express, पलवल (सुन्दर कुंडू) | दीपावली के त्योहार पर हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम बुधवार को पलवल के मुख्य बाजार पहुंचे। यहां उन्होंने व्यापारियों और दुकानदारों से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान व्यापारियों ने मंत्री का दुकानों पर बैठाकर तिलक और आरती के साथ स्वागत किया। बाजार में त्योहार को लेकर उत्साह और रौनक देखने को मिली।
इस दौरान गौरव गौतम ने व्यापारियों से बातचीत करते हुए कहा कि दीपावली आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और खुशियां बांटने का पर्व है। व्यापारी वर्ग समाज और अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। बाजारों की रौनक और व्यापारियों की मेहनत से ही त्योहारों की खुशियां और बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में दीपावली का विशेष महत्व है और यह पर्व अंधकार पर प्रकाश की जीत का प्रतीक है।
बाजार में व्यापारियों से मुलाकात के दौरान खेल राज्य मंत्री ने सुप्रीम कोर्ट में उनकी याचिका खारिज होने के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अदालत ने उनकी याचिका को निरस्त किया है। पूर्व मंत्री करण दलाल को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें सपने देखने चाहिए, लेकिन कांग्रेस के लोग शेखचिल्ली जैसे सपने देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे सनातन धर्म को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं और उन्हें भगवान खाटू श्याम का आशीर्वाद प्राप्त है।
गौरतलब है कि पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने पलवल विधानसभा चुनाव में गौरव गौतम की जीत को चुनौती देते हुए चुनाव याचिका दायर की थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि चुनाव प्रचार के दौरान धर्म के नाम पर वोट मांगे गए। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने नवंबर 2025 में इस याचिका को खारिज करने की गौरव गौतम की मांग स्वीकार नहीं की थी, जिसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। अब सुप्रीम कोर्ट में उनकी याचिका खारिज होने के बाद हाईकोर्ट में मूल चुनाव याचिका पर सुनवाई आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।
इसके अलावा गौरव गौतम ने दीपावली के अवसर पर लोगों से पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग त्योहार को हर्षोल्लास और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं तथा प्रदूषण कम करने के लिए ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल करें। इस दौरान व्यापारियों ने भी मंत्री के बाजार पहुंचने पर खुशी जाहिर की।