दलजीत विक्की | लुधियाना
समर न्यूज
पंजाब भाजपा के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने लुधियाना के हलका पूर्वी में विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला के कार्यालय से महज 200 मीटर की दूरी पर चिट्टे की कथित बिक्री सामने आने पर आम आदमी पार्टी की सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के नेता पंजाब को नशामुक्त बनाने के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, लेकिन एक समाचार पत्र के स्टिंग ऑपरेशन ने इन दावों की हकीकत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब विधायक के कार्यालय के इतने नजदीक चिट्टा उपलब्ध करवाने की पेशकश की जा रही है और युवक कुछ ही मिनटों में नशा मुहैया करवाने का दावा कर रहे हैं, तो बाकी शहर और प्रदेश की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। अनिल सरीन ने सवाल किया कि यदि सरकार का नशे के खिलाफ अभियान इतना प्रभावी है तो विधायक के कार्यालय के नजदीक नशे का यह कथित कारोबार कैसे चल रहा है? क्या स्थानीय पुलिस और प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं है या फिर जानबूझकर आंखें बंद की जा रही हैं?उन्होंने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए, कथित नशा तस्करों की पहचान करके उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार को केवल विज्ञापनों और बयानों तक सीमित रहने के बजाय जमीनी स्तर पर नशे के खिलाफ ठोस कार्रवाई करके दिखानी चाहिए।