नीलकमल मोनू | लुधियाना
समर न्यूज
रामगढ़िया सेवा सोसाइटी (रजि.), गुरुद्वारा शब्द प्रचार (रजि.), समूह सदस्यों और राम नगर की प्रबंधक कमेटी की ओर से संयुक्त रूप से भगवान विश्वकर्मा दिवस-2026 बड़ी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धार्मिक समागम का आयोजन किया गया, जिसमें इलाके की संगत ने बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान विश्वकर्मा जी के समक्ष नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस मौके पर काउंसलर सोहन सिंह गोगा और काउंसलर परमिंदर सिंह सोमा ने संयुक्त रूप से समागम में शिरकत की। उन्होंने सभी प्रबंधकों और संगत को विश्वकर्मा दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान हलका आत्म नगर के विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू को प्रबंधक कमेटी की ओर से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जी को सृजन, कला, हुनर और मेहनत का प्रतीक माना जाता है। उनका जीवन हमें मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ अपने कार्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भावना को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
समागम के अंत में गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया। प्रबंधकों की ओर से समागम में सहयोग देने वाली समस्त संगत और गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद किया गया।