Summer express, सिरसा। नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव नहराना के पास देर रात हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। भटू से चौपटा की ओर जा रही टिआगो कार गांव नहराना के नजदीक आगे चल रही तूड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे की अस्पताल से अग्रोहा ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि करीब एक बजे हुआ। कार में सवार संदीप पुत्र सूबे सिंह निवासी पिली मंदोरी और कुलदीप पुत्र ओमप्रकाश निवासी ढाणी गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हिसार जिले के किरतान निवासी नरेश पुत्र रणबीर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सिरसा पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें अग्रोहा रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। तीनों मृतकों की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। चौपटा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने हादसे में तीन युवकों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।