एजेंसी | नई दिल्ली
भारत में वायु प्रदूषण का संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। सर्दियों की शुरुआत और दीपावली के बाद बढ़े धुएं के कारण उत्तर भारत के कई शहरों की हवा बेहद खराब हो गई है। वायु गुणवत्ता पर नजर रखने वाली वेबसाइट एक्यूआई डॉट इन के आंकड़ों के अनुसार, दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 शहर भारत के दर्ज किए गए हैं।
10 नवंबर की सुबह 9 बजकर 54 मिनट पर जारी वैश्विक सूची में राजस्थान का श्रीगंगानगर 821 वायु गुणवत्ता सूचकांक के साथ पहले स्थान पर रहा। पंजाब का बठिंडा 629 के स्तर के साथ दूसरे और हरियाणा का सिरसा 544 के स्तर के साथ तीसरे स्थान पर दर्ज किया गया।
पंजाब और हरियाणा के कई शहरों में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर
आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा के हिसार में वायु गुणवत्ता सूचकांक 516 और पंजाब के फरीदकोट में 506 दर्ज किया गया। वहीं, देश की राजधानी दिल्ली 393 के स्तर के साथ दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में 24वें स्थान पर रही।
पंजाब के लुधियाना और पटियाला के साथ उत्तर प्रदेश के बदायूं, जौनपुर और गोरखपुर भी दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल रहे।
इस सूची में भारत के बाहर केवल पाकिस्तान का लाहौर शहर शामिल था। लाहौर 430 वायु गुणवत्ता सूचकांक के साथ 14वें स्थान पर रहा।
इन आंकड़ों से स्पष्ट होता है कि वायु प्रदूषण की समस्या अब केवल दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र तक सीमित नहीं रही, बल्कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई शहर भी इसकी चपेट में आ चुके हैं।
प्रदूषण को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप
वायु प्रदूषण बढ़ने के साथ ही राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने वायु गुणवत्ता खराब होने के लिए पंजाब में पराली जलाने की बढ़ती घटनाओं को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।
15 नवंबर तक राहत मिलने की उम्मीद कम
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 15 नवंबर तक बारिश होने की संभावना नहीं है। ऐसे में प्रदूषण से तत्काल राहत मिलने के आसार कम दिखाई दे रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश और तेज हवाओं के अभाव में प्रदूषक कण वातावरण में लंबे समय तक बने रह सकते हैं। इससे आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में वायु गुणवत्ता खराब रहने की आशंका है। बढ़ता वायु प्रदूषण विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।