Summer express, आरविंदर सिंह , हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश। ठाकुर रामसिंह इतिहास शोध संस्थान, नेरी की ओर से भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के सहयोग से ‘उत्तर-पश्चिम हिमालय में पर्यावरण के ऐतिहासिक और समकालीन परिप्रेक्ष्य’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय परिसंवाद आयोजित किया जाएगा। इस अकादमिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से इतिहासकार, शिक्षाविद, पर्यावरणविद और शोधकर्ता हिस्सा लेंगे।
संस्थान के निदेशक चेतराम शर्मा ने बताया कि परिसंवाद का आयोजन 14 और 15 नवंबर को शोध संस्थान परिसर, नेरी में किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य उत्तर-पश्चिम हिमालय के पर्यावरणीय इतिहास, पारंपरिक पर्यावरणीय ज्ञान, प्राकृतिक संसाधनों और जैव विविधता का ऐतिहासिक एवं समकालीन दृष्टिकोण से अध्ययन करना है। इसके साथ ही मौजूदा दौर में पर्यावरण के सामने खड़ी चुनौतियों पर भी विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे।
उन्होंने बताया कि परिसंवाद में जलवायु परिवर्तन, वनों का संरक्षण, जल संसाधनों का प्रबंधन, भूस्खलन, प्राकृतिक आपदाओं, सतत विकास और मानवीय गतिविधियों के पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, नई दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों की सहभागिता रहेगी।
चेतराम शर्मा के अनुसार, 14 नवंबर को आयोजित होने वाले उद्घाटन सत्र में राज्यसभा सदस्य प्रो. सिकंदर कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सत्र की अध्यक्षता भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के अध्यक्ष पद्मश्री प्रो. रघुवेंद्र तंवर करेंगे। भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान, शिमला के निदेशक प्रो. हिमांशु कुमार चतुर्वेदी सारस्वत अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं, चंबा के प्रसिद्ध पर्यावरणविद कुलभूषण उपमन्यू बीज वक्तव्य प्रस्तुत करेंगे।
परिसंवाद का समापन सत्र 15 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे शुरू होगा। इसमें नई दिल्ली के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रेम राणा मुख्य अतिथि होंगे। सत्र की अध्यक्षता डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विश्वविद्यालय, पूसा, बिहार के कुलाधिपति पद्मश्री प्रो. प्रेम लाल गौतम करेंगे। भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के निदेशक डॉ. ओमजी उपाध्याय सारस्वत अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान और कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के पंजाब इतिहास विभाग के सेवानिवृत्त आचार्य डॉ. गुरिंदर सिंह विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।
निदेशक ने बताया कि राष्ट्रीय परिसंवाद में कुल नौ तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें युवा शोधकर्ताओं के लिए विशेष सत्र भी रखा गया है। इस दौरान उन्हें शोध पद्धति, शोध पत्र लेखन, अकादमिक प्रस्तुतिकरण और पर्यावरण इतिहास से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों के साथ संवाद करने का अवसर मिलेगा। इसका उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को शोध कार्य के लिए प्रोत्साहित करना और गुणवत्तापूर्ण अकादमिक अनुसंधान को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि अब तक संस्थान को लगभग 125 शोध सारांश और 45 पूर्ण शोध पत्र प्राप्त हो चुके हैं। परिसंवाद के दौरान प्रस्तुत किए जाने वाले उच्च गुणवत्ता वाले शोध पत्रों को पुस्तक के रूप में प्रकाशित करने की भी योजना है।