Summer express, बलिंदर कुमार, कैथल। एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कैथल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी-एक्सटॉर्शन सेल की टीम ने पाडला-गुहणा रोड पर मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल में भर्ती कराया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंजाब के अमृतसर जिले के निवासी गुरकिरत सिंह और कर्मबीर सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, थाना सदर क्षेत्र के गांव पाडला निवासी एक व्यक्ति से आरोपियों ने एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। मामला सामने आने के बाद कैथल पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी-एक्सटॉर्शन सेल की टीम लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
वीरवार सुबह एंटी-एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार की टीम को आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने पाडला-गुहणा रोड पर कार्रवाई की। इसी दौरान पुलिस टीम का दोनों आरोपियों से सामना हो गया और मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया और अस्पताल पहुंचाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी गांव पाडला निवासी व्यक्ति पर हमला करने के इरादे से वहां पहुंचे थे। पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित वारदात को टाल दिया गया।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रंगदारी मांगने की साजिश में इनके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं और इनके आपराधिक नेटवर्क का विस्तार कहां तक है। पुलिस इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में संभावित संलिप्तता की भी जांच करेगी।
कैथल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि रंगदारी या किसी भी तरह की धमकी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।