समर न्यूज | अमृतसर
श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की ओर से धार्मिक सभाओं और संगतों के सहयोग से श्री अकाल तख्त साहिब से नगर कीर्तन सजाया गया।
श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पांच प्यारों की अगुवाई में निकाले गए नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। अरदास के बाद श्री हरिमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी अमरजीत सिंह ने गुरु ग्रंथ साहिब जी का पावन स्वरूप पालकी साहिब में सुशोभित किया। स्कूली बच्चों, बैंड पार्टियों, शबद चौकी जत्थों और गतका दलों ने भी भाग लिया। रास्ते में संगतों ने जलपान और लंगर की सेवा की।
एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने प्रकाश पर्व पर देश-विदेश की संगतों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं। उनका संदेश जात-पात, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, समानता और आपसी भाईचारे से जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
{गुरु शिक्षाओं पर चलने की अपील: धामी ने कहा कि नाम जपो, किरत करो और वंड छको का सिद्धांत आध्यात्मिक जीवन के साथ सामाजिक जिम्मेदारियां निभाने की भी सीख देता है। उन्होंने संगतों से गुरु साहिब की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने और मानवता की भलाई, सामाजिक एकता तथा आपसी सद्भाव के लिए प्रयास करने की अपील की।