एजेंसी | श्रीगंगानगर
राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट की जांच में पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर जिले से एक और युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव शहूर निवासी हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। वह पहले से एक अकाली नेता पर गोली चलाने के मामले में गुरदासपुर जेल में बंद था।
राजस्थान पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर श्रीगंगानगर लेकर आई है। अदालत ने उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हरप्रीत के पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर शाह से संपर्क के संकेत मिले हैं। आरोप है कि उसने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट वाली जगह की सटीक लोकेशन शाह को भेजी थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि विस्फोट की साजिश में हरप्रीत की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण थी।
{पहले से दो आरोपी गिरफ्तार: श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर क्षेत्र में तीन नवंबर को रेलवे लाइन पर धमाका हुआ था। इस मामले में पुलिस ने इससे पहले गुरदासपुर की महकदीप कौर और दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया था। दोनों पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में थे।