Summer express, फरीदाबाद (अनिल मंगला)। फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां मोर्चरी में रखे एक महिला के शव को बिना पोस्टमार्टम और पुलिस को सूचना दिए परिजनों के हवाले कर दिया गया। जब जांच अधिकारी पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए मोर्चरी पहुंचा तो वहां शव नहीं मिला। बाद में पता चला कि परिजन शव को एंबुलेंस में लेकर गाजियाबाद पहुंच चुके हैं। पुलिस ने उनसे संपर्क कर कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम का हवाला देते हुए शव को वापस फरीदाबाद बुलवाया। इसके बाद ईएसआई अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब चार बजे 52 वर्षीय रामदुलारी को इलाज के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत के कारणों को लेकर संदेह जताते हुए डॉक्टरों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया और इसकी सूचना पुलिस को दे दी।
बताया जा रहा है कि सुबह मृतका के परिजन मोर्चरी पहुंचे। उन्होंने वहां तैनात राहुल नाम के कर्मचारी को अस्पताल से मिला एक डेथ फॉर्म से संबंधित पर्चा दिखाया। आरोप है कि कर्मचारी ने पर्चे के आधार पर बिना पोस्टमार्टम कराए और पुलिस को सूचित किए बिना ही शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजन शव को एंबुलेंस में रखकर गाजियाबाद के लिए रवाना हो गए।
उधर, अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर जब जांच अधिकारी पोस्टमार्टम कराने के लिए मोर्चरी पहुंचा तो वहां शव नहीं मिला। इस पर उसने मोर्चरी कर्मचारी राहुल से जानकारी मांगी। कर्मचारी ने बताया कि मृतका के परिजन वहां आए थे और डेथ फॉर्म से संबंधित पर्ची दिखाकर शव ले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अधिकारी ने तुरंत परिजनों से संपर्क किया। उस समय तक वे शव लेकर गाजियाबाद पहुंच चुके थे। पुलिस ने उन्हें कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम की आवश्यकता के बारे में बताया, जिसके बाद शव को वापस फरीदाबाद लाया गया और ईएसआई अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।
इस मामले में मोर्चरी कर्मचारी राहुल ने भी अपनी गलती स्वीकार की है। हालांकि, बिना पुलिस को सूचना दिए शव परिजनों को सौंपने के पीछे क्या वजह रही और इस पूरे घटनाक्रम में किसी तरह की मिलीभगत थी या नहीं, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मृतका के परिजनों, मोर्चरी कर्मचारी और एंबुलेंस चालक से मिली जानकारी के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।
बादशाह खान सिविल अस्पताल के प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर (पीएमओ) डॉ. विकास गोयल ने बताया कि रामदुलारी की मौत के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया था और आगे की कानूनी प्रक्रिया पुलिस विभाग के माध्यम से होनी थी। आरोप है कि मृतका के कुछ परिजनों ने मोर्चरी कर्मचारियों को गुमराह कर शव हासिल कर लिया और उसे गाजियाबाद ले गए। अस्पताल प्रशासन को इसकी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद शव को वापस बुलवाकर आगे की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
डॉ. विकास गोयल ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इसके लिए एक इंक्वायरी कमेटी गठित की जाएगी। जांच में जिस भी कर्मचारी या व्यक्ति की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।