Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और ठोस कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। भारत सरकार की ओर से ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर अधिसूचित नियमों को रेलवे में भी लागू किया जा रहा है। इसके तहत अब रेलवे स्टेशनों पर पहले की तरह दो रंग के बजाय चार अलग-अलग रंग के डस्टबिन लगाए जाएंगे, ताकि कचरे को उसकी श्रेणी के अनुसार अलग-अलग एकत्र किया जा सके और उसका उचित निस्तारण हो सके।
अंबाला रेलवे मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक यशंजीत सिंह के अनुसार, ठोस कचरे के प्रबंधन को लेकर रेलवे प्रशासन गंभीरता से काम कर रहा है। इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम और आसपास की कॉलोनियों के साथ भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है। इसके तहत स्टेशनों और रेलवे परिसरों से निकलने वाले कचरे को एकत्र करने तथा उसके निस्तारण की जिम्मेदारी को लेकर चर्चा की जा रही है।
उन्होंने बताया कि रेलवे मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी स्टेशनों की व्यवस्था एक जैसी नहीं है। कुछ स्टेशनों का रखरखाव रेलवे प्रशासन स्वयं करता है, जबकि कुछ स्टेशनों की जिम्मेदारी आसपास की कॉलोनियों के पास है। वहीं, कई स्टेशनों का संचालन और रखरखाव ठेके के माध्यम से किया जाता है। ऐसे में सभी संबंधित पक्षों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है, ताकि कचरा अलग-अलग एकत्र हो और बाद में आपस में न मिले।
रेलवे प्रशासन की इस पहल का यात्रियों ने भी स्वागत किया है। यात्रियों का कहना है कि रेलवे स्टेशनों को साफ-सुथरा बनाए रखना केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है। यात्रियों को खाने-पीने की वस्तुओं का इस्तेमाल करने के बाद उनका कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित डस्टबिन में डालना चाहिए। इससे स्टेशन परिसर में गंदगी नहीं फैलेगी और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।