Summer express, फरीदाबाद। शहर की भुपानी कॉलोनी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 18 वर्षीय युवक ने जन्मदिन से दो दिन पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवक अपनी मां से आईफोन दिलाने की जिद कर रहा था। मां ने आर्थिक परेशानी का हवाला देते हुए फिलहाल फोन दिलाने में असमर्थता जताई थी। हालांकि, मां की योजना जन्मदिन पर बेटे को नया मोबाइल फोन देकर सरप्राइज देने की थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान आदित्य के रूप में हुई है। वह अपनी विधवा मां के साथ भुपानी कॉलोनी में रहता था। वर्ष 2016 में उसके पिता की हत्या हो गई थी, जिसके बाद मां ने ही उसकी परवरिश की। पारिवारिक परिस्थितियों के चलते आदित्य की पढ़ाई भी छूट गई थी। मां ने उसे बड़े लाड़-प्यार से पाला था।
जानकारी के अनुसार, कुछ महीने पहले मां ने आदित्य को करीब 52 हजार रुपये का एंड्रॉयड मोबाइल फोन दिलाया था, लेकिन 18 अक्टूबर को उसका फोन कहीं खो गया। इसके बाद आदित्य मां से नया आईफोन दिलाने की मांग करने लगा। मां ने अपना मोबाइल फोन उसे इस्तेमाल करने के लिए दे दिया था। वहीं, वह 28 नवंबर को आदित्य के जन्मदिन पर उसे नया आईफोन देकर सरप्राइज देना चाहती थी। इसी वजह से वह बार-बार मांग करने पर उसे फिलहाल पैसे नहीं होने की बात कहकर टाल देती थी।
बताया जा रहा है कि शाम इसी बात से नाराज होकर आदित्य ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे संभालने में जुटे, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, आदित्य के चाचा राजकुमार ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या जैसी आशंका सामने नहीं आई है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।