समर न्यूज | चंडीगढ़
नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस को वार्ड नंबर 24 में बड़ा झटका लगा है। पार्टी से टिकट कटने के बाद मौजूदा पार्षद और पूर्व वरिष्ठ उपमहापौर जसबीर सिंह बंटी ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का फैसला कर लिया है। उनके इस फैसले के बाद कांग्रेस में अंदरूनी नाराजगी खुलकर सामने आ गई है।
समर न्यूज से खास बातचीत में जसबीर बंटी ने पार्टी के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह पिछले 25 वर्षों से कांग्रेस की सेवा कर रहे हैं। पांच साल पार्षद रहते हुए उन्होंने वार्ड में विकास कार्य करवाए, लेकिन इसके बावजूद पार्टी ने उनका टिकट काट दिया।
बंटी ने आरोप लगाया कि लंबे समय से पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर नए व्यक्ति को टिकट दिया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के इस फैसले से न केवल कार्यकर्ताओं, बल्कि वार्ड के लोगों में भी नाराजगी है।
वहीं कांग्रेस के ब्लॉक प्रधान राजकुमार शर्मा ने भी टिकट वितरण पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि वार्ड से केवल जसबीर बंटी का नाम भेजा गया था। शर्मा ने कांग्रेस उम्मीदवार चरणजीत विर्क का समर्थन करने से इनकार करते हुए यहां तक कह दिया कि उन्हें दस वोट भी नहीं मिलेंगे।