समर न्यूज | चंडीगढ़
नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। वार्ड नंबर 12 से कांग्रेस उम्मीदवार एवं मौजूदा पार्षद सचिन गालव ने भाजपा उम्मीदवार और वर्तमान मेयर सौरभ जोशी पर निशाना साधते हुए उन्हें खुली बहस की चुनौती दी है।
समर न्यूज से खास बातचीत में सचिन गालव ने कहा कि इस चुनाव में चुनौती उनके लिए नहीं, बल्कि मेयर सौरभ जोशी के लिए होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में वार्ड में विकास कार्यों की अनदेखी हुई है। लोगों के फोन नहीं उठाए गए और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया।
गालव ने कहा कि सेक्टर 15, 16 और 24 में सड़कों, पार्कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने सेक्टर 24 के पार्कों के रखरखाव से जुड़े ठेकों में भी अनियमितताओं का आरोप लगाया और मामले को सार्वजनिक करने की बात कही। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए गालव ने कहा कि चुनाव जीतने पर वे चौबीसों घंटे जनता के लिए उपलब्ध रहेंगे। वरिष्ठ नागरिकों को दस्तावेज सत्यापित करवाने के लिए कार्यालय नहीं आना पड़ेगा। पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, सरकारी आवासों और पार्कों की समस्याओं पर काम करेंगे।
सचिन गालव ने मेयर सौरभ जोशी को जनता के सामने खुली बहस करने की चुनौती देते हुए कहा कि वे किसी भी समय वार्ड के मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार हैं। सौरभ जोशी की प्रतिक्रिया सामने आना अभी बाकी है।