Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। अंबाला छावनी में 1857 की क्रांति के शहीदों की स्मृति में बनाए गए ‘आजादी की पहली लड़ाई का शहीद स्मारक’ को लेकर गायक राजू बदली और गीतकार संजय औजला ने एक भावपूर्ण देशभक्ति गीत तैयार किया है। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री तथा अंबाला छावनी के विधायक अनिल विज की पहल और 1857 की क्रांति के अनजाने शहीदों को सम्मान दिलाने के प्रयासों से प्रेरित होकर यह गीत प्रस्तुत किया गया है।
गीत के माध्यम से अंबाला की ऐतिहासिक विरासत, 1857 की क्रांति में शहीद हुए वीरों के बलिदान और शहीद स्मारक के महत्व को शब्दों के जरिए सामने लाने का प्रयास किया गया है। गीत में अंबाला की धरती को 1857 की क्रांति से जोड़ते हुए उन वीरों के योगदान को याद किया गया है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना बलिदान दिया।
गीत की पंक्तियों में कहा गया है, ‘1857 की क्रांति की धरती बड़ी प्यारी है, उनकी याद में सही स्मारक देखे दुनिया सारी है।’ इसके अलावा गीत में अंबाला में आजादी की पहली लड़ाई का परचम लहराने के ऐतिहासिक महत्व को भी दर्शाया गया है।
इस प्रस्तुति का उद्देश्य नई पीढ़ी को 1857 की क्रांति के शहीदों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराना तथा अंबाला के ऐतिहासिक गौरव को जन-जन तक पहुंचाना है।