सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
चंडीगढ़ में आयोजित बिहार बिजनेस कनेक्ट सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में पंजाब के प्रमुख उद्योगपतियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों एवं प्रतिष्ठित उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बिहार में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विकास, व्यापारिक सहयोग तथा उद्योगों के विस्तार के नए अवसरों पर चर्चा करना था।
सम्मेलन में बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, आईएएस, बिहार राज्य औद्योगिक निवेश एवं आधारभूत संरचना विकास निगम के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन, आईएएस, उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता, आईएएस व खाद्य प्रसंस्करण निदेशक श्री प्रद्युम्न यादव, आईएएस सहित बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पंजाब के प्रमुख उद्योगपतियों एवं उद्यमियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। इनमें ओसवाल समूह के प्रबंध निदेशक कमल ओसवाल, टाइनोर समूह के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक पीजे सिंह, जीना सीखो लाइफ केयर लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आचार्य मनीष, जेडब्ल्यू मैरियट के मालिक हरपाल सिंह व आर्यन्स ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के अध्यक्ष डॉ. अंशु कटारिया सहित अनेक प्रतिष्ठित उद्योग जगत की हस्तियां शामिल रहीं।
सम्मेलन के दौरान बिहार सरकार के प्रतिनिधियों ने राज्य में उपलब्ध औद्योगिक अवसरों, निवेश अनुकूल नीतियों, आधारभूत सुविधाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उद्योग स्थापित करने की संभावनाओं से उद्योगपतियों को अवगत कराया। वहीं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और बिहार में निवेश एवं व्यापारिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। आयोजक डॉ. रुपेश सिंह, प्रमुख, कॉर्पोरेट मामले, अडानी समूह, पंजाब एवं हरियाणा ने सभी अतिथियों, बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों तथा पंजाब के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों का आभार व्यक्त किया।