सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
मोहाली प्रेस क्लब की ओर से अपने सदस्यों को नए पहचान पत्र जारी करने के संबंध में समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मोहाली विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलवंत सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने क्लब के सदस्यों को पहचान पत्र वितरित किए तथा क्लब के नए पहचान पत्र को औपचारिक रूप से जारी किया।
इस मौके पर विधायक कुलवंत सिंह ने मोहाली प्रेस क्लब के लिए अहम घोषणा करते हुए कहा कि क्लब की अपनी इमारत अथवा जगह नहीं होने के कारण पत्रकारों को अपनी गतिविधियां संचालित करने में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि मोहाली शहर में मंदिरों, गुरुद्वारों और अन्य धार्मिक स्थलों को गमाडा की ओर से रियायती दरों पर जमीन आवंटित करने की योजना की तर्ज पर मोहाली प्रेस क्लब को भी जमीन आवंटन की योजना में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द ही गमाडा की ओर से विज्ञापन जारी किया जाएगा, जिसके तहत मोहाली प्रेस क्लब भी जमीन प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकेगा। इससे पत्रकारों को अपनी गतिविधियों के संचालन के लिए रियायती दरों पर जगह उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई जल्द अमल में लाई जाएगी।