पंजाब | पंजाब सरकार नशा मुक्त समाज की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। 1 अगस्त से राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में “नशा विरोधी विषय” की पढ़ाई शुरू की जाएगी। इस अभियान को मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ का हिस्सा बनाया गया है, जिसे राज्य भर में प्रेस, पुलिस, प्रशासन और आम लोगों का सहयोग भी मिल रहा है।
इस पहल की घोषणा पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने नंगल के स्कूल ऑफ एमिनेंस में आयोजित एक सेमिनार के दौरान की। उन्होंने कहा कि यह विषय न केवल छात्रों को नशे के खतरों के प्रति जागरूक करेगा, बल्कि उनके जरिए यह संदेश हर घर तक पहुंचेगा। बैंस ने मीडिया को इस मिशन का अहम सहयोगी बताया और कहा कि प्रेस ही वह मजबूत स्तंभ है जो सरकार की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाता है।
शिक्षा मंत्री ने यह भी घोषणा की कि नंगल में 500 सीटों वाला आधुनिक ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। इसके साथ ही नंगल के सरकारी स्कूल में हर मौसम के अनुकूल स्विमिंग पूल का काम भी जारी है। सरकार की कोशिश है कि शिक्षा के साथ-साथ छात्रों को स्वास्थ्य और सामाजिक चेतना से भी जोड़ा जाए। यह नई पहल शिक्षा के माध्यम से समाज में बदलाव लाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।