Kullu, Manminder
ग्राम पंचायत देहूरीधार के अंतर्गत दरमेहड़ा गांव में हो रहे लगातार भूस्खलन ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। भारी बारिश के कारण पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिरने से गांव के 14 परिवारों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है। गांव में भय का माहौल है और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं।
राहत कार्यों में तेजी के निर्देश
स्थानीय विधायक सुरेन्द्र शौरी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लिया और प्रभावित परिवारों से मिलकर उनका हाल जाना। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद प्रशासन की निष्क्रियता पर गहरी नाराजगी जताई और कहा कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद प्रशासन का कोई अधिकारी अब तक मौके पर नहीं पहुंचा है।विधायक ने फोन पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित राहत और बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वे स्वयं जनता के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
ग्रामीणों ने भी विधायक से अपने दुःख साझा किए और अविलंब राहत सामग्री, अस्थाई शिविर और पुनर्वास की मांग की। विधायक शौरी ने भरोसा दिलाया कि वे पूरी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध करवाई जाएगी।