सिराज नहीं, पूरे हिमाचल की बात करें नेता विपक्ष
Shimla, Sanju
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात कर मंडी क्षेत्र के लिए एरिया स्पेसिफिक ग्रांट की मांग को लेकर कांग्रेस ने नाराज़गी जाहिर की है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि जयराम ठाकुर केवल सिराज क्षेत्र के नहीं, पूरे हिमाचल के विपक्ष के नेता हैं और उन्हें पूरे प्रदेश की बात करनी चाहिए थी।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा, “हम प्रधानमंत्री से मुलाक़ात का स्वागत करते हैं, लेकिन राहत की मांग केवल एक क्षेत्र तक सीमित रखना उचित नहीं। करसोग, धर्मपुर और अन्य कई क्षेत्र भी आपदा से प्रभावित हुए हैं। ऐसे में एक क्षेत्र विशेष के लिए राहत मांगना हिमाचल के हित में नहीं है।”इसके साथ ही उन्होंने मंडी में बीती रात बादल फटने की घटना पर भी दुख जताया। मंडी जेल रोड पर हो रहे सड़क निर्माण के पास बादल फटने से तीन लोगों की मृत्यु हो गई। सिंह ने बताया कि उन्होंने सुबह उपायुक्त से बात कर राहत-बचाव कार्य तेज़ करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन अभी भी लापता लोगों की खोज में जुटा हुआ है।