नई दिल्ली | कुछ दिनों की राहत के बाद सोने की कीमतों में एक बार फिर उबाल देखने को मिल रहा है। MCX पर बुधवार (30 जुलाई) को सोना 99,311 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यही रुझान जारी रहा तो जल्द ही सोना 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आंकड़े को पार कर सकता है। वहीं, चांदी भी 1,13,997 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास बनी हुई है।
मंगलवार को आई मामूली गिरावट
हालांकि मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत में हल्की गिरावट दर्ज की गई थी। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9% शुद्धता वाला सोना 200 रुपये टूटकर 97,820 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था। इससे पहले सोमवार को यह 98,020 रुपये पर बंद हुआ था।
99.5% शुद्धता वाले सोने की कीमत में भी गिरावट देखी गई और यह 97,550 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर आ गया। हालांकि चांदी की कीमत स्थिर बनी रही, जो मंगलवार को भी 1,13,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर टिके रहने में कामयाब रही।
क्यों बढ़ रही है कीमत?
विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती अनिश्चितता, डॉलर की स्थिति, और बाजार में निवेशकों का रुझान सोने की कीमतों को एक बार फिर ऊपर की ओर धकेल रहे हैं। त्योहारी सीज़न और आगामी शादियों के मौसम को देखते हुए भी मांग में इजाफा होने की उम्मीद है।