रांची | राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज धनबाद स्थित IIT (ISM) के 45वें दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी। इस कार्यक्रम में वह कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में बीटेक टॉपर प्रियांशु शर्मा को राष्ट्रपति स्वर्ण पदक से सम्मानित करेंगी। दीक्षांत समारोह में कुल 1,880 छात्रों को विभिन्न विषयों में डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
इस मौके पर 37 छात्रों को स्वर्ण पदक, 35 को रजत पदक और 21 को प्रोत्साहन पुरस्कार मिलेंगे। समारोह में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शामिल होने की संभावना है।
IIT (ISM) धनबाद की स्थापना 9 दिसंबर 1926 को ब्रिटेन के रॉयल स्कूल ऑफ माइंस की तर्ज पर हुई थी, ताकि भारत को खनन क्षेत्र के लिए योग्य पेशेवर मिल सकें।
राष्ट्रपति का शेड्यूल तय
राष्ट्रपति मुर्मू सुबह दुर्गापुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी और फिर हेलिकॉप्टर से बरवाअड्डा एयरपोर्ट आएंगी। यहां से वह सड़क मार्ग से IIT धनबाद पहुंचेंगी।
गुरुवार को राष्ट्रपति देवघर AIIMS के पहले दीक्षांत समारोह में भी शामिल हुई थीं, जहां उन्होंने छात्रों और डॉक्टरों को संबोधित किया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।