फिरोजपुर | पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान को बड़ी कामयाबी मिली है। जिला फिरोजपुर पुलिस ने एक बार फिर पाकिस्तान से मंगवाई गई हेरोइन की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से कुल 13 किलो 21 ग्राम हेरोइन, एक पिस्टल (जिसके पार्ट्स अलग-अलग हालत में थे) और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई को एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू और डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल के निर्देशन में अंजाम दिया गया। इस ऑपरेशन में सीआईए स्टाफ फिरोजपुर के इंस्पेक्टर मोहित धवन और थाना घल्लखुर्द की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।
कैसे हुआ खुलासा?
सीआईए स्टाफ फिरोजपुर की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव मधरे के पास रेलवे फाटक पर दो तस्कर – गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरी और गुरप्रीत सिंह उर्फ काली, हेरोइन की खेप लेकर खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर दोनों को मौके से पकड़ा और उनसे 8 किलो 301 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
इसके बाद दूसरी कार्रवाई में थाना घल्लखुर्द की पुलिस ने जोगराज सिंह उर्फ समर को गांव मोहकम खा वाला इलाके से गिरफ्तार किया। वह एक्टिवा पर संदिग्ध हालत में घूम रहा था और तलाशी में 4 किलो 720 ग्राम हेरोइन, एक पिस्टल के पार्ट्स और 8 कारतूस मिले।
पाकिस्तान से आया माल, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि पकड़ी गई हेरोइन की खेप पाकिस्तान से मंगवाई गई थी। पुलिस अब इन तस्करों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि खेप कैसे भारत पहुंची और इसे आगे कहां-कहां सप्लाई किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों में है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तानी और भारतीय तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए जिले में लगातार गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है।
यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि फिरोजपुर पुलिस सीमा पार से आने वाले नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए सतर्क और सक्रिय है।