यमुनानगर | यमुनानगर के साढोरा कस्बे में उस वक्त सनसनी फैल गई जब प्राचीन गगड़वाला तालाब में एक अधेड़ व्यक्ति का शव तैरता मिला। मृतक की पहचान साढोरा वार्ड नंबर 11 निवासी रामप्रकाश के रूप में हुई है।
साढोरा थाना प्रभारी रोहतास कुमार ने बताया कि रामप्रकाश की गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों द्वारा थाने में दर्ज कराई गई थी। सोमवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए यमुनानगर मोर्चरी भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक रामप्रकाश बीते कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थे। हाल ही में उनके जवान बेटे की मौत हुई थी, जिसके बाद वह डिप्रेशन में चले गए थे।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि रामप्रकाश ने आत्महत्या की या उनकी हत्या की गई। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक की पहचान जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर की गई है।