फतेहाबाद | जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चल रही मुहिम को बड़ी सफलता मिली है। फतेहाबाद पुलिस ने गांव धांगड़ के पास एक युवक को एक किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिसार के गांव पीरांवाली निवासी गुरमीत के रूप में हुई है, जो पहले भी नशा तस्करी और अन्य अपराधों के 10 मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस के अनुसार, गुरमीत खुद भी नशे का आदी है और किसी बड़े सप्लायर के लिए काम करता था। यह खेप पंजाब से मंगवाई गई थी, जिसे हिसार और फतेहाबाद के ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था।
एसपी सिद्धांत जैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मुख्य सप्लायर की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। जांच में सामने आया है कि गुरमीत ने यह हेरोइन कुछ पैसों और नशे की लालच में मोटरसाइकिल पर पंजाब से हरियाणा पहुंचाई थी, लेकिन पुलिस ने उसे गांव धांगड़ के पास ही पकड़ लिया। पुलिस अब नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है, ताकि इस नशा तस्करी के पूरे जाल को तोड़ा जा सके।